न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: रामगढ़ की विधायक ममता देवी ने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री इरफ़ान अंसारी से मुलाकात कर रामगढ़ जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा. विधायक ममता देवी ने मंत्री को बताया कि रामगढ़ एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं तेजी से विकसित हो रहा जिला है, लेकिन यहां उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है. गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को रांची सहित अन्य शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने कहा कि रामगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी. साथ ही स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर प्राप्त होगा, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी तथा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
विधायक ममता देवी ने स्वास्थ्य मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए रामगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया.
स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी ने विधायक की मांग को गंभीरता से सुनते हुए इस संबंध में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया.
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त से पहले डुमरिया में 10 करोड़ की लागत से बने 30 बेड के अस्पताल का होगा उद्घाटन - विधायक संजीव सरदार