धर्मेंद्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
निरसा/डेस्क: एग्यारकुंड दक्षिण पंचायत की सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें तालाब का रूप ले चुकी हैं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जलजमाव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है, वहीं गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.
स्थानीय ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती. ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों पर पानी कई दिनों तक जमा रहता है, जिससे लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. गंदा पानी घरों में प्रवेश कर रहा है. उन्होंने जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
इस मामले में एग्यारकुंड दक्षिण पंचायत के मुखिया अजय कुमार राम ने कहा कि समस्या से पंचायत पूरी तरह अवगत है और इसके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि केवल पंचायत के प्रयासों से इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है. कई स्थानों पर लोगों द्वारा नालियों पर अतिक्रमण, कचरा फेंकने और जल निकासी के रास्तों को बाधित करने के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि पंचायत के साथ जनसहयोग भी जरूरी है. यदि सभी लोग मिलकर सहयोग करेंगे, तभी जलजमाव जैसी समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा. डीएमएफटी मद से सड़क निर्माण के लिए स्थल जांच हो गया है. टेंडर की प्रक्रिया होते ही कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा. तब तक ग्रामीणों से सहयोग की अपेक्षा है.
इसे भी पढ़ें: अवैध कोयला खनन-तस्करी पर ED की बड़ी कार्रवाई, धनबाद में 31 ठिकानों पर छापेमारी