न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: कांके थाना क्षेत्र के हुसीर मौजा स्थित 40 डिसमिल जमीन पर एसडीओ कोर्ट की रोक के बावजूद घर निर्माण कराने पहुंची निशा भगत को गुरुवार को कांके पुलिस ने काफी हंगामे और मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया. उनके साथ बुधनी उरांव उर्फ भगताईंन पति बंधना उरांव को भी गिरफ्तार किया गया है. इन दोनों को देर शाम जेल भेज दिया गया. निर्माण कार्य को रोकने पहुंची पुलिस के साथ भारी हंगामा देखने को मिला. इस दौरान हंगामा कर रहे लोगों के साथ पुलिस की झड़प भी हुई. केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की को भी एक पत्र दिया था.
गुरुवार को जबरन छत ढालने की सूचना मिलने पर सीओ अमित भगत, इंस्पेक्टर कुणाल कुमार, सब इंस्पेक्टर प्रवीण रजक, अरविंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. यथास्थिति बनाए रखने का आग्रह करने के बाद भी बुधनी उरांव और उनके परिवार के लोगों ने कार्य को रोकने से मना कर दिया. इधर निशा भगत भी अजय उरांव के परिवार के समर्थन में पहुंच गईं थीं. वह दरवाजा बंद कर छत पर चढ़ गई. वे पुलिस प्रशासन और अजय तिर्की आदि के खिलाफ बयान देते हुए कार्य जारी रखने को ललकारती दिखीं. इसके बाद पुलिस ने सख्ती करते हुए खिड़की का ईंट तोड़ कर अंदर प्रवेश किया तथा उनको गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें- रांची पुलिस ने नाकाम की बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश, हथियार के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार