राहुल सिंह/न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: डीसी ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू प्रखंड का दौरा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू एवं अंचल कार्यालय पतरातू का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, जन शिकायतों के निष्पादन, राजस्व प्रशासन एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों में गुणवत्ता एवं गति लाने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने वार्डों, ओपीडी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा इलाज कराने आए मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली.
उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को सरकार की जननी सुरक्षा योजना से शत-प्रतिशत जोड़ने तथा पात्र लाभुकों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए. साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने एवं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया.
दंत ओपीडी को आधुनिक सुविधाओं से किया जाएगा सुसज्जित
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडू में संचालित दंत ओपीडी का भी निरीक्षण किया. उन्होंने दंत चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि ओपीडी का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही आधुनिक मशीनों एवं आवश्यक उपकरणों से दंत ओपीडी को सुसज्जित करते हुए आगामी 15 अगस्त तक इसे पूर्ण रूप से अद्यतन कर आम जनता के लिए समर्पित करने का निर्देश दिया.
अंचल कार्यालय पतरातू का किया निरीक्षण
इसके उपरांत उपायुक्त ने अंचल कार्यालय पतरातू का निरीक्षण कर विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने आपदा राहत से संबंधित मामलों, जन शिकायतों, राजस्व शिविरों के आयोजन, म्यूटेशन (दाखिल-खारिज), जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रमाण पत्रों के निष्पादन की प्रगति का जायजा लिया.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आम नागरिकों से जुड़े सभी कार्य पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न किए जाएं. लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा.
मीटा पोर्टल एवं थाना दिवस की समीक्षा
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान मीटा पोर्टल पर प्राप्त मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
इसके अतिरिक्त उन्होंने थाना दिवस से संबंधित मामलों के नियमित निष्पादन एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान हो सके.
लगान वसूली एवं दाखिल-खारिज मामलों में तेजी लाने का निर्देश
उपायुक्त ने लगान वसूली की समीक्षा के दौरान अब तक की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया.
दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि बिना किसी वैध एवं ठोस कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाए. उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन में त्रुटि हो तो आवेदक को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए. साथ ही 30 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
15 दिनों में कार्यों में सुधार लाने का निर्देश
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आगामी 15 दिनों के भीतर अपने-अपने कार्यों में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं एवं जनसेवाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. यदि समीक्षा के दौरान कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: नीलगाय के अचानक सड़क पर आने से दो ऑटो अनियंत्रित, गड्ढे में गिरे, छह घायल, एक रेफर