न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: निरसा के चापापुर ओसीपी में हो रही ब्लास्टिंग के कारण गोपालगंज से बेनागोरिया जाने वाली ग्रामीण सड़क धंस गई है. करीब 10 मीटर लंबी सड़क 5 फुट गहरे और 50 मीटर चौड़े एरिया में धंस गई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. घटना के बाद जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी, समाजसेवी सरिता पासवान और ग्रामीणों ने मिलकर चापापुर ओसीपी का काम फिलहाल बंद करवा दिया है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक धंसी हुई सड़क की मरम्मत नहीं होगी, तब तक ओसीपी का काम बंद रहेगा.
इधर जिप सदस्य पिंकी मरांडी ने मांग की है कि ओसीपी का संचालन करने वाली रेड्डी कंपनी पर मामला दर्ज किया जाए. उन्होंने कहा कि भारी ब्लास्टिंग के कारण पहले भी कई बार घरों में दरारें आई हैं, अब सड़क ही धंस गई. इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों का आना-जाना ठप हो गया है. वही ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जाए और ब्लास्टिंग के मानकों की जांच हो. अंजली पासवान ने कहा कि कंपनी की लापरवाही से लोगों की जान खतरे में है. अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा. फिलहाल ओसीपी में काम रुका हुआ है. मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस बल भी मौजूद है.