न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: एक्सट्रीम बार के DJ संचालक संदीप प्रमाणिक हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की समेत 10 दोषियों को 9-9 साल की सजा सुनाई गयी है. साथ ही 50 -50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है. अपर न्याययुक्त शैलेन्द्र कुमार की कोर्ट ने सजा सुनाई. कोर्ट ने गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत आरोपियों को दोषी पाया था. मामले के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह, अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शामिरूदीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार,दिवाकर उपाध्याय, अलोक दीवा, पंकज कुमार और सुमित कुमार को सजा सुनाई गई. बार में DJ बजाने वाला संदीप प्रमाणिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे, जिसकी गोली मारकर हत्या 26 मई 2024 की देर रात कर दी गई थी. 26 मई 2024 को बार बंद होने के बाद 4-5 युवक पहुंचे थे, जिनका बार के स्टाफ से विवाद हो गया था.
विवाद के बीच दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी. मारपीट का बदला लेने के लिए अभिषेक ने अपने दोस्तों के साथ प्लान बनाया. जिसके बाद अभिषेक सिंह सेल सिटी स्थित अपने किराए के घर गया और घर से राइफल निकालकर दोबारा बार पहुंचा और बार में घुसकर संदीप की छाती में नजदीक से गोली मार दी, जिससे संदीप की मौके पर ही मौत हो गई थी. घटना को अंजाम देने के बाद अभिषेक ने पार्किंग से बार में कई राउंड फायरिंग भी की और कार से भाग निकला. दूसरे दिन अहले सुबह मौके पर रांची के SSP और सिटी DSP पहुंचकर बार के कर्मचारियों से पूछताछ की थी. वहीं, बार में हुए विवाद और गोली मारने का पूरा विडियो सीसीटीवी में कैद हुआ था. जिसके आधार पर पुलिस ने जांच करते हुए मामले के मुख्य आरोपी समेत 14 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. जिसमें अभिषेक सिंह के पिता अशोक कुमार सिंह और दोस्त के अलावा बार से जुड़े 9 लोग भी शामिल थे.
यह भी पढ़ें- बहरागोड़ा में अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल