रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित कुईडा गांव में बुधवार तड़के एक हृदयविदारक घटना सामने आई. सड़क पर दौड़ते एक अनियंत्रित हाइवा का पहिया अचानक उखड़कर एक 55 वर्षीय किसान पर जा चढ़ा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले किसान की पहचान कुईडा निवासी गुरुचरण चातोम्बा के तौर पर की गई है.
शौच से लौटते वक्त हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना सुबह करीब 5 बजे की है. गुरुचरण रोज की भांति शौच के बाद अपने घर वापस आ रहे थे. उसी दौरान कुईडा फुटबॉल मैदान के समीप से गुजर रहे एक तेज रफ्तार हाइवा का एक चक्का अचानक चलते-चलते गाड़ी से अलग हो गया. तेज गति से लुढ़कता हुआ वह भारी-भरकम पहिया सीधे गुरुचरण से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और तत्काल उनकी सांसें थम गईं.
चालक फरार, पुलिस ने हाइवा जब्त किया
दुर्घटना के फौरन बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया. सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है. वहीं शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया है.
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, फिटनेस जांच की मांग
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए. ग्रामीणों ने इलाके में बेलगाम दौड़ते अनियंत्रित और जर्जर व्यावसायिक वाहनों पर गहरा रोष जताया. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराई जाए, ताकि ऐसे हादसों पर लगाम लग सके.
इधर, घर के कमाऊ सदस्य की इस तरह अचानक हुई मौत से मृतक गुरुचरण चातोम्बा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: उत्क्रमित उच्च विद्यालय झांझिया में दो दिवसीय आधार शिविर संपन्न, 72 विद्यार्थियों का बना आधार