प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: एनएच 23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत खरवागाढ़ा के समीप बीते मंगलवार की देर शाम जनगणना कार्य से लौट रहे दो शिक्षक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए.दोनों शिक्षक एक ही स्कूटी पर सवार होकर आताकोरा गांव से भरनो वापस लौट रहे थे.मिली जानकारी के अनुसार भरनो ब्लॉक चौक निवासी आताकोरा स्कूल के शिक्षक शंभू प्रसाद केशरी तथा परसा गांव निवासी आताकोरा गढ़रीटोली स्कूल के शिक्षक हबीबुल्ला खान जनगणना कार्य संपन्न कर लौट रहे थे. इसी दौरान खरवागाढ़ा के पास रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन से उनकी आमने-सामने की टक्कर होते-होते बची.
बोलेरो को देखकर स्कूटी चालक ने खुद को बचाने का प्रयास किया,लेकिन संतुलन बिगड़ने से दोनों शिक्षक स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए.घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद उनके साथियों एवं स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों शिक्षकों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. घटना के बाद शिक्षकों ने भीषण गर्मी में कराए जा रहे जनगणना कार्य को लेकर चिंता जताई.
शिक्षकों ने कहा कि लगातार पड़ रही चिलचिलाती धूप और हीट वेब के बीच उन्हें घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करना पड़ रहा है.कई बार दूर-दराज गांवों तक स्कूटी और बाइक से जाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना एवं स्वास्थ्य संबंधी खतरा बना रहता है.शिक्षकों ने प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि भीषण गर्मी और हीट वेब को देखते हुए कुछ दिनों के लिए जनगणना कार्य पर रोक लगाई जाए तथा मौसम सामान्य होने के बाद पुनः कार्य शुरू कराया जाए, ताकि कार्य में लगे शिक्षक एवं कर्मी बीमार होने और दुर्घटनाओं से बच सकें. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई शिक्षक अस्पताल पहुंचे और दोनों घायलों का हालचाल जाना. शिक्षकों ने प्रशासन से फील्ड कार्य में लगे कर्मियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने चंदनकियारी थाना का किया घेराव