नीरज कुमार साहू/न्यूज़11 भारत
कामडारा/डेस्क: गुमला जिले के कामडारा प्रखंड के कोंसा पहाड़ टोली में सोमवार देर रात दो जंगली हाथियों ने भारी तबाही मचाई. हाथियों ने चार घरों को क्षतिग्रस्त कर अनाज और सामान नष्ट कर दिया. हमले में प्रेमचंद केरकेट्टा (47) और उनकी पत्नी नीलीमा केरकेट्टा (45) गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रेमचंद को हाथी ने सूंड से पटक दिया, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया. वहीं दीवार गिरने से दबने के कारण नीलीमा की रीढ़ की हड्डी, कंधे और कमर में गंभीर चोट आई है. प्राथमिक इलाज के बाद नीलीमा को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स (RIMS) रेफर किया गया है. घटना में एक 12 वर्षीय बच्ची को भी आंशिक चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलने पर फॉरेस्टर शेखर सिंह पुरे वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुँचे और पीड़ित परिवारों को तत्काल 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की. सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीणों को पटाखे, टॉर्च और फॉरेस्ट हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं.
इसे भी पढ़ें: JPSC आंदोलन को मिला अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा का समर्थन, कहा- "आखिर देश में कब रुकेगा ये सब"