न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: डोरंडा के मणि टोला निवासी मो तनवीर अंसारी की रिम्स में इलाज के दौरान मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. घटना से नाराज परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शव लेकर डोरंडा थाना पहुंचे और थाना परिसर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया. परिजनों ने मामले को हत्या बताते हुए गोल्डन नामक व्यक्ति पर पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड होने का आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि इस मामले में जावेद अंसारी, रिजवान, छोटू, कड़ू, अफसर और गुड़िया की भी संलिप्तता है.
चार महीने पहले तौशीफ अंसारी की मौत को भी आत्महत्या करार दिया गया था
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब चार महीने पहले तौशीफ अंसारी की मौत को भी आत्महत्या करार दिया गया था, जबकि उनकी हत्या की गई थी. परिवार का दावा है कि उस घटना में भी यही लोग शामिल थे. परिजनों के अनुसार तनवीर अंसारी परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, जिससे उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है. गुस्साए परिजन शव को एम्बुलेंस में लेकर डोरंडा थाना पहुंचे और मुख्य गेट पर एम्बुलेंस खड़ी कर विरोध जताया. प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की. स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और मौके पर हटिया डीएसपी भी पहुंचे.
यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा बने दिल्ली BJP के नए प्रदेश अध्यक्ष, चार राज्यों में बदले संगठन के चेहरे