Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों को 41वीं किस्त का इंतजार आज खत्म हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उमरिया जिले के गुरुवाही गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे। इस बार भी सवा करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं को 1500 रुपये की मासिक सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
1000 से शुरू हुआ सफर, अब मिल रहे हैं 1500 रूपए
इस महत्वकांक्षी योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी, जब महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये दिए जाते थे। इसके बाद रक्षाबंधन 2023 के अवसर पर राशि बढ़ाकर 1250 रुपये कर दी गई थी, और नवंबर 2025 से इसे संशोधित कर 1500 रुपये प्रति माह कर दिया गया। नियमित किस्तों के अलावा सरकार ने विभिन्न अवसरों पर 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 23,882 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जो इसकी व्यापकता को दर्शाता है।
क्या 2027 में मिलेगा मौका?
जो महिलाएं अभी तक इस योजना के दायरे में नहीं आ पाई हैं, उनके मन में लगातार यह सवाल है कि क्या उन्हें आगे मौका मिलेगा?मुख्यमंत्री के पहले के संकेतों के अनुसार, छूटी हुई पात्र महिलाओं को आगामी वर्ष 2027 में योजना से जोड़ने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, नए रजिस्ट्रेशन या आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की कोई आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। इसलिए किसी भी प्रकार के भ्रामक संदेशों से बचने की सलाह दी जाती है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
दस्तावेज: समग्र परिवार/सदस्य आईडी, चालू मोबाइल नंबर और अपने नाम पर बैंक खाता।
महत्वपूर्ण प्रक्रिया: समग्र आईडी में आधार की ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी होनी चाहिए तथा बैंक खाते से आधार लिंकिंग और डीबीटी (DBT) सक्रिय होना अनिवार्य है।
पात्रता शर्तें: महिला मध्य प्रदेश की स्थानीय निवासी एवं विवाहित (विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता सहित) होनी चाहिए। आयु सीमा और पारिवारिक आय (ढाई लाख से कम) संबंधी मानक लागू होते हैं।
उमरिया में विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री अपने उमरिया दौरे के दौरान 144 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत वाले 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे, जिससे बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात मिलेगी। एक तरफ जहां लाड़ली बहनों के खातों में राशि भेजी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ धान के समर्थन मूल्य, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार जैसे स्थानीय मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन का ऐलान भी किया गया है, जिसके चलते प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।