Ujjain Shahi Masjid: आगामी सिंहस्थ महाकुंभ 2028 को लेकर मध्य प्रदेश के उज्जैन में मार्ग चौड़ीकरण का कार्य जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को शहर की शाही मस्जिद के निर्धारित सीमा में आने वाले हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान तनाव पैदा हो गया। विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी और उग्र भीड़ द्वारा पुलिस पर किए गए पथराव के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
2 हज़ार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
इलाके में पिछले दो दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन और टंकी चौराहा पर बिगड़ते माहौल को देखते हुए मौके पर 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे संवेदनशील क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। मौके पर एसडीएम, पुलिस अधीक्षक और कई प्रशासनिक अधिकारी लगातार मुस्तैद हैं।
हथौड़ों से हटाया जा रहा हिस्सा
सोमवार की सुबह 5 बजे जेसीबी से मस्जिद के हिस्से को गिराने की तैयारी थी, लेकिन ढांचे के अन्य हिस्सों को नुकसान से बचाने के लिए अब सहमति के आधार पर हथौड़ों और औजारों से हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान मुस्लिम समाज के 100 से अधिक लोगों ने प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर घुसने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका। इस दौरान इलाके में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में एकत्र लोगों ने नारेबाजी की।
शहर काजी की अपील
प्रशासन ने विवाद को सुलझाने और शांति बनाए रखने के लिए शहर काजी को मौके पर बुलाया और समाज के लोगों से सहयोग की अपील की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अन्य धार्मिक स्थलों पर समान कार्रवाई के बाद ही मस्जिद का हिस्सा हटाया जाए। उपद्रवियों द्वारा पुलिस टीमों पर पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आंसू गैस के गोले दागे और भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति पर नियंत्रण पाया।