रायपुर। एशियन गेम्स 2026 में कबड्डी का स्वर्ण पदक जीतने वाली संजू देवी का छत्तीसगढ़ में स्वागत का सिलसिला जारी है। कोरबा जिले की इस बेटी से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय औ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अलग-अलग मुलाकात की। सीएम ने 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का एलान किया। वहीं, डेप्युटी सीएम ने संजू के साथ उनके माता-पिता का भी सम्मान किया।
फाइनल में ईरान को हराया
जापान में आयोजित हो रहे एशियन गेम्स की महिला कबड्डी स्पर्धा के फाइनल में भारतीय टीम ने ईरान को मात देकर स्वर्ण जीता। इसी जीत में संजू का अहम योगदान रहा। प्रदेश की इस बेटी ने भारत के साथ छत्तीसगढ़ की करीब 3 करोड़ जनता को गौरवान्वित होने का मौका दिया।
सीएम साय ने रायपुर में की मुलाकात
सोमवार को रायपुर में मुख्यंत्री ने संजू से खेल के अनुभवों पर आत्मीय बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि संजू ने मेहनत और लगन से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। साय के अनुसार, एक खिलाड़ी की जीत गांव और छोटे शहरों के हजारों बच्चों को सपने देखने का हौसला देती है। सीएम पहले फोन पर भी बधाई दे चुके थे। संजू ने बधाई पर आभार जताया और कहा कि यह प्रोत्साहन उन्हें और बेहतर खेलने की प्रेरणा देगा।
डेप्युटी सीएम ने माता-पिता को किया सम्मानित
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर, अटल नगर स्थित शासकीय आवास पर संजू से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि पर भारत के साथ छत्तीसगढ़ के करीब 3 करोड़ लोगों को गर्व है। साव ने टूर्नामेंट के सफर और मैचों की रणनीति के बारे में भी विस्तार से पूछा। संजू ने बताया कि टीम ने खेल कौशल और सही योजना के दम पर प्रतिद्वंदियों का सामना किया। इस दौरान संजू की मां अमरीका बाई और पिता रामजी भी मौजूद रहे। साव ने बेटी की सफलता में परिवार के त्याग और सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का फायदा प्रदेश के दूसरे खिलाड़ियों को भी मिलेगा।