बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक मामूली सी बात पर जान चली गई। परपोड़ी थाना क्षेत्र के बंजारपुर गांव में घूरकर देखने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 20 साल के चंदू उर्फ चंद्रप्रकाश पटले ने बलराम पेटले के सिर रऔर चेहरे पर टंगिया से कई वार किए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शाम को थाने पहुंचकर खुद बताई हत्या की वजह
पुलिस ने अनुसार, 13 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे चंदू खुद परपोड़ी थाने पहुंचा। उसने बताया कि उसने बलराम पटेल की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुंची। श्मशान घाट के पास नहर किनारे भाठा इलाके में बलराम का शव मिला। मामलें की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। शुरुआती जांच के बाद बीएनएस की धारा के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल लिया
एसडीओपी के अनुसार, पूछताछ में चंदू ने हत्या की बात मान ली। पुलिस का दावा है कि घूरकर देखने की बात और अपने अंधविश्वास की वजह से वह गुस्से में आ गया था। इसके बाद उसने टंगिया से बलराम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
वारदात में उपयोग हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया और दूसरे सबूत जब्त कर लिए हैं। आरोपी को 14 अक्टूबर के दिन औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।