MP Nikay Panchayat Chunav: मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश भर के सभी जिलों के लिए संशोधित एवं अंतिम मतदाता सूची का आधिकारिक प्रकाशन कर दिया है। यह नई सूची भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए गए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद तैयार की गई है, जिससे चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके।
इन नामों को किया बाहर
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची का गहन परीक्षण किया गया। इस प्रक्रिया के दौरान वे मतदाता जो अब संबंधित क्षेत्र छोड़ कर स्थायी रूप से दूसरे स्थानों पर बस चुके हैं। वे नागरिक जिनके नाम एक से अधिक स्थानों या वार्डों की मतदाता सूची में दर्ज थे और ऐसे मतदाता जिनका निधन हो चुका है, उनके नाम सूची से हटा दिए गए है।
प्रस्तावित उपचुनावों का बनेगी आधार
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, जिलों में प्रकाशित की गई अंतिम मतदाता सूची आगामी नगरीय निकायों और पंचायतों में रिक्त पड़े पदों के लिए होने वाले उपचुनावों का मुख्य आधार होगी। प्रदेश के कई निकायों और पंचायतों में खाली पदों पर आगामी नवंबर-दिसंबर के दौरान उपचुनाव कराए जाने की योजना है।
कब होगी चुनावों की घोषणा?
निर्वाचन आयोग का मानना है कि अपात्र, फर्जी और दोहरे नामों के हटने से चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बढ़ेगी और वास्तविक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अद्यतन सूची के प्रकाशन के बाद अब आयोग जल्द ही औपचारिक चुनावी कार्यक्रम की घोषणा करने की तैयारी कर रहा है।