MP Panchayat Elections 2027: मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। पंचायत चुनावों में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य निर्वाचन आयोग इस बार पंचायत चुनाव बैलेट पेपर की जगह EVM से कराने की तैयारियों में जुट गया है। अगर चुनाव EVM से होते है तो सरपंच और पंच प्रतिनिधियों का चुनाव बटन दबाकर होगा। प्रदेश में पंचायत चुनाव अगले साल जून-जुलाई के महीने में आयोजित होने की संभावना है।
अब तक बैलेट पेपर से होते आए हैं चुनाव
मध्यप्रदेश में अब तक पंच और सरपंच पद के लिए चुनाव बैलेट पेपर से होते आए है। बैलेट पेपर से चुनाव होने के चलते मतगणना में काफी समय लगता था और विवाद की स्थितियां बनती थी। इन्ही समस्याओं को समाधान करने के लिए इस बार चुनाव आयोग ईवीएम से चुनाव करने पर जोर दे रहा है। क्योंकि ईवीएम से मतदान होने से प्रक्रिया सरल और तेज हो जाती है। इसके अलावा चुनाव परिणाम जल्द हाने की संभावना रहती है।
443 निकाय और 23 हजार पंचायते
आपको बता दें कि आगामी निकाय और पंचायत चुनावों के लिए चुनाव आयोग पूरी तरह से तैयार होकर तैयारियों में जुट गया है। प्रदेश की कुल 443 नगरीय निकायों और लगभग 23 हजार ग्राम पंचायतों में चुनाव होने है। चुनाव के लिए नगरीय क्षेत्रों में 22 हजार और ग्रामीण इलाकों में 72 हजार पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
होगी चुनाव की वेबकास्टिंग
चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग द्वारा संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिससे निर्वाचन आयोग कंट्रोल रूम से मतदान केंद्रों पर पैनी नजर रखेगा।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
हालांकि, पंचायत चुनावों में EVM के इस्तेमाल को लेकर चुनाव आयोग द्वारा आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग ईवीएम से चुनाव कराने के लिए मंथन कर रहा है।