अमन शुक्ला,सतना: प्रदेश के सतना जिले में फिर एक बड़ी घटना सामने आई है। सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र में 14 साल की बच्ची का अर्धनग्न हालत में शव झाड़ियों में मिला है। घटना रविवार सुबह उस वक्त हुई जब वह घर से नित्यक्रिया के लिए निकली थी। सूचना मिलने पर टीआई समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है।
शौच के लिए गई थी बच्ची
परिजनों के अनुसार, बच्ची रविवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। बच्ची का शव गांव के बस स्टैंड से लगभग 200 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोटर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस
शव की स्थिति को देखते हुए सतना से फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है और घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद हैं।
परिजनों ने किया मार्ग जाम
उक्त घटना से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने बस स्टैंड के पास जाम लगा दिया है। वही नाबालिग मृतिका के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजन व ग्रामीण आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर करे हैं। बहरहाल जिले में निरंतर बढ़ रहे अपराध ने जिले की पुलिसिया व्यवस्था पर फिर एक बार प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।