अमन शुक्ला/मृदुल पांडे, सतना: सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कुरकुरे का लालच और दुष्कर्म
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 29 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि पड़ोसी रामजस चौधरी (उम्र 55 वर्ष) बच्ची को कुरकुरे दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया।
आरोपी पर मामला दर्ज
घटना की शिकायत बच्ची की मां के द्वारा 1 अगस्त की रात करीब 1:35 बजे नागौद थाने में दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3 एवं 4(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी से पूछताछ जारी
पीड़ित मासूम को परिजनों के साथ बाल कल्याण समिति भेजा गया है जहां बयान दर्ज होने के बाद पीड़िता के मेडिकल परीक्षण एवं उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी से पूछताछ जारी है।