बुलंदशहर/नरौरा। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर डिबाई तहसील के नरौरा थाना क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे से अधिक रही होगी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अगला हिस्सा 2 फीट तक अंदर पिचक गया। कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए।
कासगंज से बेलोन माता के दर्शन करने जा रहा था परिवार
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि सभी कासगंज जिले के सिद्धपुरा क्षेत्र के देहली बुजुर्ग गांव के रहने वाले हैं। वैन में 8 लोग सवार थे। सभी बुलंदशहर के नरौरा के पास बेलोन गांव में स्थित सर्वमंगला माता (बेलोन माता) के दर्शन के लिए जा रहे थे।
CHC डिबाई की रिपोर्ट के अनुसार मृतक और घायल
CHC डिबाई के मेडिकल ऑफिसर द्वारा थाना कोतवाली डिबाई को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 16.10.2026 को समय 1:45 PM पर 8 व्यक्ति घायल व मृतक अवस्था में CHC लाए गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति के चलते उच्च चिकित्सा संस्थान अलीगढ़ के लिए संदर्भित किया गया।
अलीगढ़ रेफर घायल (3)
1. ललिता पत्नी लोकेंद्र, उम्र 20 वर्ष
2. प्रतीक पुत्र सुनीत, उम्र 4 वर्ष
3. अनीका पुत्री प्रवीत, उम्र 11 वर्ष
सभी निवासी देहली बुजुर्ग, जिला कासगंज
मृतक (5):
4. प्रगति पुत्री लोकेंद्र, उम्र 1 वर्ष
5. लोकेंद्र पुत्र रामदीन, उम्र 28 वर्ष
6. बबीता पत्नी प्रवीत कुमार, उम्र 35 वर्ष
7. रामदीन पुत्र रामशंकर, उम्र 50 वर्ष
8. शिवशंकर मिश्रा पुत्र अनपाल, उम्र 55 वर्ष
सभी 8 लोग देहली बुजुर्ग, कासगंज के निवासी हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है।