MP RTE Fee Reimbursement: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज नरसिंहपुर जिले में एक बड़े कार्यक्रम के तहत शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2024-25 की फीस राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे। इस योजना के तहत प्रदेशभर के करीब 20,456 निजी स्कूलों के बैंक खातों में कुल 502 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
करेंगे सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। केजी-1 से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार इस स्कूल में डिजिटल क्लासरूम, एडवांस कंप्यूटर लैब, साइंस लैबोरेटरी, डिजिटल लाइब्रेरी, मल्टीपर्पज हॉल और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही खेल मैदान और परिवहन की व्यवस्था भी की गई है।
अब तक 3,600 करोड़ रुपये का भुगतान
बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा आरटीई के तहत निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक गरीब परिवारों के बच्चों को निःशुल्क प्रवेश दिलाया जाता है, जिसकी फीस सीधे सरकार द्वारा स्कूलों के खातों में भेजी जाती है। साल 2011 से अब तक 16 लाख 85 हजार से अधिक विद्यार्थियों की फीस के रूप में कुल 3,600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।