CM Youth Conclave-2026: मध्य प्रदेश की युवा शक्ति की प्रतिभा, नवाचार और आकांक्षाओं को नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आज, 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड मैदान में भव्य 'सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026' का आयोजन किया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस राज्यस्तरीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश भर से जुटे 20,000 से अधिक युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। आयोजन में रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, ड्रोन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा जैसे भविष्य के प्रमुख विषयों पर युवाओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने लिया जायजा
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और आयुक्त प्रबल सिपाहा के साथ लाल परेड मैदान पहुंचकर प्रदर्शनी कक्षों व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और तैयारियों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कॉन्क्लेव में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, MSME, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, परिवहन, पुलिस और साइबर सुरक्षा सहित 17 प्रमुख सरकारी विभाग शामिल हो रहे हैं, जो युवाओं को अपनी फ्लैगशिप योजनाओं से परिचित कराएंगे।
कॉन्क्लेव में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर में शिक्षा व रोजगार की संभावनाओं पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। एमपी स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप के माध्यम से स्वरोजगार के गुर सिखाए जाएंगे। वहीं पुलिस विभाग द्वारा महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात जागरूकता और कम्युनिटी पुलिसिंग पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कबीर कैफे और जुबिन नौटियाल की प्रस्तुतियां
संवाद और करियर मार्गदर्शन के साथ-साथ युवाओं के उत्साह को बढ़ाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। देश के प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई का लोकप्रिय म्यूजिक बैंड 'कबीर कैफे' अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में जोश और उत्साह का संचार करेंगे।