दमोह। मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्थाओं और मानवता को शर्मसार करने वाले मामले सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला दमोह जिला अस्पताल से सामने आया है। यहां बेटे को बेहतर इलाज दिलाने की उम्मीद में गांव से आई एक बुजुर्ग महिला को अस्पताल की फर्श पर पोंछा लगाना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, मामला प्रेम शंकर धगट स्मारकि जिला अस्पताल के पुरुष वार्ड का है। पोंछा लगाने का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और सफाई सुपरवाइजर समेत दो नर्सों को नोटिस थमाया गया है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्था की शिकायतें पहले भी उठती रहती हैं। लेकिन यह घटना मरीजों के परिजनों के साथ बर्ताव पर नए सवाल खड़े करती है।
बेटे को दस्त की शिकायत पर इलाज कराने ले गई थी मां
तेजगढ़ क्षेत्र के सिमरिया गांव की रहने वाली बुजुर्ग महिला अपने बीमार बेटे को लेकर जिला अस्पताल आई थी। महिला के अनुसार, बेटे को दस्त की शिकायत थी और वह बेहतर इलाज की आस में उसे दमोह लेकर पहुंची थी। उसे अंदाजा नहीं था कि अस्पताल में बेटे के इलाज के साथ उसे खुद पोंछा भी लगाना पड़ेगा। महिला का कहना है कि पोंछा लगाने को कहने वाली नर्स को वह चेहरे से पहचानती है। लेकिन वह उसका नाम नहीं जानती है।
मरीज़ की मां से लगवाया पोंछा! दमोह के सरकारी अस्पताल में ५५ सफाईकर्मी हैं, हर महीने उनकी तनख्वाह पर लाखों खर्च होते हैं ...लेकिन बीमार बच्चे की लाचार मां से अस्पताल का फर्श साफ करवाया गया https://t.co/NNJ1pyyFE3
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) October 11, 2026
52 सफाईकर्मी वाले अस्पताल में मरीज की मां से सफाई
हॉस्पिटल प्रबंधक डॉ सुरेंद्र विक्रम सिंह के अनुसार जिला अस्पताल में सफाई के लिए आउटसोर्स एजेंसी के जरिए करीब 3 सुपरवाइजर और 52 सफाईकर्मी लगाए गए हैं। इस व्यवस्था पर हर महीने लगभग 8 से 9 लाख रुपये खर्च होते हैं। यानी सफाई के लिए अलग से पूरा अमला मौजूद है। फिर भी एक बुजुर्ग मरीज की मां से यह काम कराया गया। डॉ सिहं का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद दोषी कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।
मामला गर्माया तो नोटिस जारी हुए
सिविल सर्जन डॉ प्रहलाद पटेल ने बताया कि वे फिलहाल जबलपुर में एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में कोर्ट गए हैं। वे दो दिन के अवकाश पर हैं और अपना प्रभार डॉ अमित प्रकाश जैन को सौंपकर गए हैं। मामला तूल पकड़ने के बाद अस्पताल प्रबंधक, सफाई सुपरवाइजर और ड्यूटी पर तैनात नर्स दानवती सुमेर व निशा शुक्ला को नोटिस जारी किए गए हैं। अब देखना होगा कि जवाब आने के बाद किस स्तर पर कार्रवाई होती है।