धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र से त्योहार की खुशियों के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए बागेड़ी नदी के डैम पर पहुंचे तीन दोस्त शुक्रवार को डूबने से अपनी जान गंवा बैठे। तीनों युवक डेलची रोड स्थित बागेड़ी नदी के डैम पर प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे थे। विसर्जन के बाद वे नहाने के लिए पानी में उतर गए। लेकिन इसी दौरान अनजाने में गहरे पानी की तरफ चले गए और देखते ही देखते डूब गए।
मदद पहुंचने से पहले ही टूट गईं तीन जिंदगियाँ
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने खुद पानी में उतरकर तीनों युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की और किसी तरह उन्हें बाहर लाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जांच में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से पूरे बदनावर क्षेत्र में मातम छा गया।
कौन थे तीनों मृतक युवक
मृतकों की पहचान सरस्वती कॉलोनी बदनावर निवासी राहुल पिता मुकेश प्रजापत (20) और निहाल पिता मुकेश भाम्बी (16) के रूप में हुई है, वहीं तीसरे युवक की पहचान भेरूउखलिया निवासी पवन उर्फ कान्हा पिता भंवरलाल राठौड़ (18) के तौर पर हुई। तीनों आपस में गहरे दोस्त थे और साथ मिलकर विसर्जन के लिए डैम पर गए थे।
प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, जांच शुरू
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, परिजन और परिचित भी वहां पहुंच गए। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका मीनाक्षी, तहसीलदार सुरेश नगर और सीएमओ विकास डाबर समेत कई अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।