मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक ट्रक हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं । कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रुचिका चौहान ने जांच के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट सीबी प्रसाद को अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर सात दिन के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक , 17 और 18 अक्टूबर की दरमियानी रात आंतरी थाना क्षेत्र में स्थित शीतला माता मंदिर के पास यह हादसा हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हुई और 27 लोग घायल हुए।
बेकाबू ट्रक पांच दुकानों को रौंदते हुए मंदिर के गेट से टकराया
प्रशासन के मुताबिक नवरात्रि की सप्तमी के दौरान चीनौर रोड की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू हो गया। ट्रक ने सड़क किनारे प्रसाद की पांच दुकानों को रौंद दिया और फिर शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया ।
हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना में लोगों की जान जाने और कई लोगों के घायल होने के बाद दुर्घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की भी होगी जांच
जिला दंडाधिकारी ने जांच अधिकारी को हादसे के मूल कारण का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि ट्रक घटनास्थल तक कैसे पहुंचा और क्या दुर्घटना के पीछे किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी।
यदि लापरवाही सामने आती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका का भी विवरण रिपोर्ट में शामिल करना होगा। इसके अलावा भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी उपाय सुझाने को कहा गया है। जांच अधिकारी को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी।