हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ महिलाएं एक बुजुर्ग का शव लेकर वहां पहुंच गईं। मामला जमीन के बैनामे से जुड़ा है। परिवार ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। अधिकारियों ने जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
इलाज के दौरान बेटी ले गई साथ, हुआ बैनामा
पिलखुवा के खैरपुर खैराबाद की रहने वाली इंद्रबाला के मुताबिक, उनके 85 साल के पति किरणपाल का इलाज जीएस मेडिकल में चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उनकी एक बेटी उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। इसके बाद करीब पौने तीन बीघा जमीन का बैनामा किसी दूसरे व्यक्ति के नाम करा दिया गया। परिवार का कहना है कि इस जमीन की कीमत लाखों रुपये है।
बैनामे के बाद मिली मौत की खबर
इंद्रबाला का कहना है कि जमीन का बैनामा होने के बाद उन्हें किरणपाल की मौत की सूचना मिली। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार ने पूरे मामले पर कई सवाल उठाए हैं। इंद्रबाला की तीन बेटियां हैं। वह अपनी दो अन्य बेटियों और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और डीएम से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस कर रही छानबीन, पोस्टमार्टम भी हुआ
परिजनों के मुताबिक, किरणपाल के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। पुलिस अब पूरे मामले की छानबीन कर रही है। बैनामा किन हालात में हुआ और बुजुर्ग की मौत से इसका कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर कार्रवाई होगी।
हापुड़ में बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा। परिजनों ने बेटी पर जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है और डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग की है।