झांसी। उत्तर प्रदेश में झांसी के मऊरानीपुर में मंगलवार को श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुखनई नदी में जल तर्पण करने गए एक ही परिवार के चार लोगों समेत 5 की डूबन से मौत हो गई। मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रानीपुर चौकी के देवरी सिंह पुरा गांव में हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
पटा श्राद्ध के दिन टूटा दुखों का पहाड़
बता दें कि मृतकों में देवरी सिंह पुरा के अनूप तिवारी, उनका 12 साल का बेटा अर्पित, परिवार के अभिनव तिवारी और श्रेयांस तिवारी शामिल हैं। पांचवे मृतक जालौन के हरेदाई निवासी पुष्कर शुक्ला हैं। अनूप के चाचा काशी प्रसाद तिवारी का पटा श्राद्ध था। सुबह करीब 11:30 बजे अनूप बेटे और बाकी तीनों के साथ पूर्वजों को जल अर्पित करने नदी पहुंचे थे।
झांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए। हादसे में बाप-बेटे, भतीजे और भांजे समेत 5 लोगों की मौत हो गई। #Jhansi pic.twitter.com/DcjihH1V84
एक को बचाने में पांचों बह गए
तर्पण के दौरान अचानक अनूप का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में डूबने लगे। यह देखकर अर्पित, अभिनव, श्रेयांस और पुष्कर उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। लेकिन बचाने की कोशिश में चारों का संतुलन भी बिगड़ गया और देखते ही देखते पांचों धार में समा गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और नदी किनारे भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बचाने की कोशिश की, पर किसी का पता नहीं चला।
रेस्क्यू के बाद सीएचसी में मृत घोषित
सूचना मिलते ही मऊरानीपुर के एसडीएम, सीओ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीण गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद पांचों को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। देवरी सिंह पुरा और आसपास के गांवों में मातम पसरा है।