सीहोर। त्योहारों की रात अंधेरे में काटने को मजबूर कोठरी के ग्रामीणों का सब्र मंगलवार की रात को जवाब दे गया। रात करीब 8.30 बजे बड़ी संख्या में लोग इंदौर-भोपाल स्टेट हाईवे पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से हाईवे के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो-दो किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।
8 से 10 घंटे की कटौती से भड़का गुस्सा
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लगातार 8 से 10 घंटे बिजली गुल रहती है। त्योहारों का समय चल रहा है, फिर भी रात-रात भर बिजली नहीं मिल रही। लोग परेशान हैं। आपूर्ति में सुधार न होने से नाराज ग्रामीण आखिरकार सड़क पर उतर आए और हाईवे पर धरना शुरू कर दिया।
पुलिस ने दी समझाइश, जाम से यात्री बेहाल
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस का वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की। हाईवे पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।