भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजजा बदलने लगा है। प्रदेश में उत्तरी हवाओं की एंट्री हो चुकी है और हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। इसका असर अगले तीन से चार दिन तक पूर्वी हिस्सों में रहेगा। बुधवार 7 अक्टूबर को कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
इन जिलों में हल्की बारिश के आसार
मौसम केंद्र ने छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश की संभावना जताई है। कटनी, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा में भी हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार को पूरे प्रदेश में सिर्फ सतना में बारिश दर्ज हुई वह भी महज 0.6 मिलीमीटर हुई है। इसके उलट बाकी जिले सूखे रहे।
रीवा और सतनाम में घटेगा पारा
चक्रवात के असर से पूर्वी जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। रीवा, सतना और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है। मंगलवार को रीवा में पारा 30.6 और सतना में 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
भोपाल और इंदौर में अभी तीखी धूप
पश्चिमी और मध्य जिलों में मौसम फिलहाल स्थिर रहेगा। यहां तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। मंगलवार को दिन में धूप तेज रही। ग्वालियर में सबसे ज्यादा 36.5 डिग्री दर्ज हुआ। धार और उज्जैन में 36.4, इंदौर में 36.2 और भोपाल में 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पहाड़ी इलाकों में राहत रही। एक तरफ पचमढ़ी में 29.6 और बालाघाट के मलाजखंड में 29.5 डिग्री पारा मापा गया।
इसके साथ ही आने वाले दिनों में उत्तरी हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी। इससे रात का तापमान भी धीरे-धीरे नीचे आएगा और सुबह शाम की गुलाबी ठंड का एहसास बढ़ सकता है।