भोपाल। मध्यप्रदेश के शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई ही रहेगी। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रवेश तिथि बढ़ाए जाने की कोई संभावना नहीं है, इसलिए जिन विद्यार्थियों ने प्रवेश नहीं लिया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश के अनेक सरकारी कॉलेजों में लोकप्रिय पाठ्यक्रमों की अधिकांश सीटें भर चुकी है। अंतिम चरण में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सभी कॉलेजों में प्रवेश सहायता केन्द्र एवं हेल्पडेस्क सक्रिय हैं। उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री इंदर सिंह परमार ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे तारीख बढऩे की प्रतीक्षा न करें। 31 जुलाई से पहले ही अपनी पसंद के महाविद्यालय चुने और पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित कर लें। निर्धारित तिथि के बाद प्रवेश का अवसर उपलब्ध नहीं होगा।
पांच लाख विद्यार्थियों ने ही लिया प्रवेश
बता दें कि प्रदेश में उच्च शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों का उत्साह बना हुआ है। 25 जुलाई तक विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं एनसीटीई पाठ्यक्रमों में लगभग पांच लाख विद्यार्थियों ने प्रवेश पा लिया है। इनमें कला संकाय विद्यार्थियों की पहली पसंद बना है, जिसमें 2,26,090 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। वहीं, विज्ञान संकाय में 1,32,127, वाणिज्य संकाय में 64,704, विधि संकाय में 21,130 तथा एनसीटीई पाठ्यक्रमों में 46,566 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया है।
उल्लेखनीय है कि विधि संकाय में पिछले शैक्षणिक सत्र की तुलना में प्रवेश संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है, जो विद्यार्थियों के बीच विधि शिक्षा के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है।