प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार की शाम समाजवादी पार्टी के नेता पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हँड़िया थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 52 के पास वह कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक से पहुंचे तीन हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने के बाद पवन यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और परिजन उन्हें इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उन्हें जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बाइक से पहुंचे थे तीन बदमाश
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पवन यादव हँड़िया क्षेत्र के मुगराव गांव् के रहने वाले थे। मंगलवार की शाम उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों में से दो ने हेलमेट पहन रखा था। बाइक रुकने के बाद एक बदमाश ने पवन यादव पर गोली चला दी। पीठ में गोली लगते ही वह नीचे गिर पड़े। इसके बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 6 बजे समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और मुग्रराव गांव के पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पवन यादव हंडिया क्षेत्र में 52 नंबर पिलर के पास कुछ लोगों से बात कर रहे थे,तभी बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां… pic.twitter.com/ggiljgwTvk
इलाज के दौरान गई जान
फायरिंग के बाद पवन यादव को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार और करीबियों में मातम छा गया। पवन यादव समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे। वह मुंगराव गांव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे। उनकी हत्या के बाद स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर गम और गुस्से का माहौल है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पवन यादव की हत्या के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। हँड़िया इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ने बताया कि पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या की गई है। फिलहाल हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधारपर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।