भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल मंडल से सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली कई स्पेशल ट्रेनों कको नियमित सेवा में शामिल करने का फैसला किया है। अक्तूबर तक ऐसी 14 ट्रेनें नियमित हो जाएंगी।
दरअसल, इन ट्रेनों का संचालन भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना और संत हिरदाराम नगर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर होता है। रेलवे के इस फैसले से इन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को किराए में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्पेशल ट्रेन का अतिरिक्त शुल्क होगा खत्म
स्पेशल ट्रेन के रूप में चलने वाली गाड़ियों में सामान्य किराए के मुकाबले अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है। अब संबंधित ट्रेनों के नियमित होने बाद यह अतिरिक्त स्पेशल चार्ज समाप्त हो जाएगा। इसका सीधा असर आरक्षित श्रेणी के टिकटों पर पड़ेगा। यात्रियों को किराए में लगभग 30 प्रतिशत तक की कमी मिल सकती है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों का खर्च पहले की तुलना में कम हो जाएगा। खास तौर छात्र, नौकरीपेशा लोग, रोजाना या नियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्री और सीनियर नागरिक इस बदलाव से लाभान्वित हो सकते हैं।
जून में 10 तो अक्तूबर में 14 हो सकती है संख्या
रेलवे की योजना के अनुसार जून तक भोपाल मंडल से गुजरने वाली 10 स्पेशल ट्रेनों को नियमित किया जा चुका था। अब अक्तूबर तक चार और ट्रेनों को नियमित श्रेणी में शामिल किया जाना है। इस तरह कुल संख्या 14 हो जाएगी। स्पेशल नंबरों के साथ चल रही कई लंबी दूरी की गाड़ियों को अब स्थायी ट्रेन नंबर दिए जाएंगे। इससे यात्रियों को नियमित ट्रेन के तौर पर इन सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इन प्रमुख ट्रेनों को किया जा रहा नियमित
रेलवे की सूची में कई महत्वपूर्ण रूट शामिल हैं। इनमें मुंबई-रीवा, बांद्रा-जबलपुर, हुबली-ऋषिकेश और हैदराबाद-जयपुर के अलावा अन्य लंबी दूरी की ट्रेनें भी शामिल हैं।
╔══════════════════════════════════════════════════════════════════════════════╗
║ ट्रेनों के नए नियमित नंबर ║
╠══════════════════════════════════════════════════════════════════════════════╣
║ ट्रेन का नाम नया नियमित नंबर ║
╠═══════════════════════════════════════════════════ ═════════════════════════╣
║ सीएसएमटी–रीवा–सीएसएमटी एक्सप्रेस │ 20153 / 20154 ║
╠═══════════════════════════════════════════════════ ═════════════════════════ ╣
║ बांद्रा टर्मिनस–जबलपुर–बांद्रा टर्मिनस │ 20163 / 20164 ║
╠═══════════════════════════════════════════════════ ════════════════════════ ╣
║ हुबली–योग नगरी ऋषिकेश–हुबली │ 17363 / 17364 ║
╠═══════════════════════════════════════════════════╪═════════════════════════ ╣
║ हैदराबाद–जयपुर–हैदराबाद │ 17079 / 17080 ║
╠═══════════════════════════════════════════════════╪═════════════════════════ ╣
║ काचीगुड़ा–श्रीगंगानगर–काचीगुड़ा │ 17601 / 17602 ║
╠═══════════════════════════════════════════════════╪═════════════════════════ ╣
║ आरकेएमपी–अगरतला–आरकेएमपी │ 11665 / 11666 ║
╠═══════════════════════════════════════════════════╪═════════════════════════ ╣
║ चरापल्ली–गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस │ 22075 / 22076 ║
╚═══════════════════════════════════════════════════╧═════════════════════════ ╝
लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
भोपाल मंडल से बड़ी संख्या में यात्री देश के अलग-अलग शहरों के लिए सफर करते हैं। इटारसी और बीना जैसे स्टेशन भी कई महत्वपूर्ण रेल मार्गों से जुड़े हैं। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों को नियमित किए जाने और अतिरिक्त शुल्कर हटने से यात्रियों को आर्थिक राहत मिल सकती है। कम किराए का फायदा खास तौर पर उन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण होगा जो बार-बार दूरी की यात्रा करते हैं। इससे यात्रा का कुल बजट कम करने में मदद मिलेगी।
रेलवे के फैसले से बढ़ेगी नियमित ट्रेनों की उपलब्धता
स्पेशल ट्रेनें आमतौर पर अतिरिक्त मांग या विशेष परिस्थितियों में चलाई जाती हैं। जब ऐसी सेवाओं को नियमित किया जाता है तो यात्रियों को लंबे समय तक उपलब्ध रहने वाली ट्रेन सेवा मिलती है। भोपाल मंडल से गुजरने वाली इन ट्रेनों को नियमित करने का फैसला क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि इससे न सिर्फ किराए में राहत मिलेगी, बल्कि प्रमुख सहरों के बीच यात्रा के विकल्प भी मजबूत होंगे। अक्तूबर तक 14 स्पेशल ट्रेनों के नियमित होने के बाद भोपाल मंडल से सफर करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।