अनुराग गुप्ता,बहराइच: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तत्काल प्रभाव से पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। एसपी द्वारा जारी आदेश में चार निरीक्षकों समेत 12 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जानिए, किसका हुआ तबादला
आदेश के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक रामकुमार राजभर को प्रभारी निरीक्षक थाना फखरपुर तथा निरीक्षक प्रेमपाल सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना मटेरा बनाया गया है। वहीं कोतवाली नानपारा के प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह और थाना दरगाह शरीफ के प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह को पुलिस लाइन भेजा गया है। थाना रामगांव के थानाध्यक्ष गुरसेन सिंह को कोतवाली नानपारा का थानाध्यक्ष बनाया गया है। जनसंपर्क अधिकारी चंद्र प्रताप सिंह तथा थाना रिसिया में तैनात अमितेंद्र सिंह को थाना दरगाह शरीफ में नई जिम्मेदारी दी गई है।
बदले दरगाह शरीफ चौकी प्रभारी
इसके अलावा दरगाह शरीफ चौकी प्रभारी मानवेंद्र प्रताप सिंह को रुपईडीहा थाना क्षेत्र की बाबागंज चौकी का प्रभारी बनाया गया है। थाना सुजौली में तैनात हेमंत कुमार चौधरी को नवाबगंज थाना क्षेत्र की समतलिहा चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रुपईडीहा थाना क्षेत्र की बाबागंज चौकी के प्रभारी शिवेश कुमार शुक्ला, मटेरा थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह तथा फखरपुर थानाध्यक्ष संजीव चौहान को पुलिस लाइन भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।