लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में ओवैसी की बढ़ती सक्रियता के बीच समाजवादी पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है। लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एआईएमआईएम के साथ गठबंधन की संभावना से साफ इनकार किया। उनका कहना था कि जो गठबंधन पहले से बना है और जिसने बीजेपी को हराया था। सपा उसी के साथ आगे बढ़ेगी। अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच यह बयान गठबंधन की चर्चाओं पर विराम लगाता दिख रहा है।
एआईएमआईएम के सवाल पर अखिलेस ने नहीं छोड़ी गुंजाइश
अखिलेश यादव से पूछा गया था कि यूपी में असदुद्दीन ओवैसी लगातार सक्रिय हैं तो क्या सपा उनके साथ जाएगी। जवाब में अखिलेश ने नए साथी की बात ही नहीं की है। उन्होंने कहा कि पार्टी का रुख पहले से तय है और बीजेपी को चुनाव में हराने वाला गठबंधन ही आगे भी जारी रहेगा। एआईएमआईएम के साथ गठबंधन पर सपा की तरफ से किसी तरह की सहमति नहीं जताई गई है।
2027 में सपा और कांग्रेस साथ चलेंगे
सपा प्रमुख ने यह भी बताया कि 2027 के चुनाव में सपा और कांग्रेस का गठबंधन ही आगे बढ़ेगा। उनके अनुसार, समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ ही चलेगी। अखिलेश ने मौजूदा गठबंधन में किसी बदलाव का संकेत नहीं दिया। उनका पूरा जोर नए समीकरण बनाने के बजाए पुराने सहयोगियों को साथ रखने और गठबंधन को मजबूत करने पर रहा है।
चुनाव से पहले गठबंधन की तस्वीर पर बनी थी चर्चा
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन किसके साथ बनेगा। इस पर लंबे समय से अटकलें चल रही थीं। अखिलेश के ताजा बयान से इतना साफ हो गया कि सफा फिलहाल अपने मौजूदा सहयोगियों के साथ ही मैदान में उतरने की तैयारी में है।