Datia By-Election: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के अंतिम दौर के प्रचार के बीच कांग्रेस को एक बड़ा और तगड़ा झटका लगा है। दतिया क्षेत्र के किसान नेता राजू दांगी और होटल कारोबारी दीपक सचदेवा ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। मतदान से ठीक पहले हुए इस फेरबदल को दतिया के चुनावी समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
सीएम मोहन और खंडेलवाल ने दिलाई सदस्यता
दतिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राजू दांगी और दीपक सचदेवा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई कैबिनेट मंत्री और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस के गढ़ में सेंध
किसान वर्ग में अच्छी पकड़ रखने वाले राजू दांगी और व्यापारिक वर्ग से जुड़े दीपक सचदेवा के भाजपा में आने से कांग्रेस के स्थानीय संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा है। दतिया उपचुनाव के मुहाने पर खड़े होकर दो बड़े स्थानीय चेहरों और उनके सैकड़ों कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।