क्रिकेट के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना शुक्रवार सुबह भक्ति में लीन नजर आए। रैना तड़के उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे रैना ने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक शिव मंत्रों का जाप किया।
भस्म आरती के दौरान उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ बाबा महाकाल के दर्शन किए। आरती संपन्न होने के बाद रैना ने मंदिर की देहरी से भगवान का पूजन किया। इसके साथ ही नंदी जी के दर्शन कर उन्हें जल अर्पित किया। मंदिर में उनकी मौजूदगी के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय रहा।
इंदौर से उज्जैन पहुंचे थे सुरेश रैना
जानकारी के मुताबिक, सुरेश रैना भस्म आरती में शामिल होने के लिए पहले इंदौर पहुंचे थे। यहां से वे तड़के उज्जैन आए। सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर आरती में हिस्सा लिया.इस दौरान रैना करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में रहे और शिव मंत्रों का जाप करते रहे। भस्म आरती के बाद उन्होंने देहरी से बाबा महाकाल का पूजन किया। इसके अलावा नंदी जी को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
बोले- बाबा के दर्शन से हुई दिव्य अनुभूति
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद सुरेश रैना ने अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें दिव्य अनुभूति हुई। मंदिर की ऊर्जा आज अलग ही स्तर पर महसूस हुई।रैना के मुताबिक, बाबा महाकाल का आशीर्वाद सभी को एक उद्देश्य से जोड़ता है। उनके लिए यह दर्शन एक यादगार और दिव्य अनुभव रहा।
मंदिर समिति ने किया सम्मान
भस्म आरती और पूजन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की ओर से सुरेश रैना का सम्मान किया गया। महाकाल मंदिर में देश की जानी-मानी हस्तियों का पहुंचना लगातार चर्चा में रहता है। इस बार पूर्व भारतीय क्रिकेटर रैना की भक्ति और शिव आराधना की तस्वीरें सुर्खियों में हैं।