MP Weather Update: मध्य प्रदेश में अब ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। हालात ये हैं कि भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। प्रदेश के 20 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 10.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। लेकिन सवाल है कि आखिर नवंबर के बीच में ही ठंड इतनी तेजी से क्यों बढ़ रही है? और क्या आने वाले दिनों में सर्दी और सताएगी?
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी
दरअसल, पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहीं, 14 और 15 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी बारिश की संभावना है। इसके बाद उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का असर मध्य प्रदेश में बढ़ सकता है।
कहां कितना तापमान?
अब प्रदेश के शहरों का तापमान देखिए। कटनी का करौंदी 10.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री और भोपाल में 12.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि पचमढ़ी में पारा 12.6 डिग्री रहा। यानी प्रदेश के दोनों बड़े शहर इस बार हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडे रहे। इसके अलावा कई शहरों में सुबह के वक्त धुंध भी देखने को मिल रही है।
बारिश का अलर्ट नहीं
अब बात आने वाले दिनों की। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में नवंबर के दूसरे पखवाड़े से सीधी उत्तरी हवाओं के कारण ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। हालांकि, फिलहाल प्रदेश में बारिश या आंधी का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम शुष्क रहने की संभावना है। नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। यानी फिलहाल दिन में धूप रहेगी, लेकिन रात और सुबह की ठिठुरन लगातार बढ़ सकती है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश में ठंड कितने नए रिकॉर्ड बनाती है?