सूर्यभान द्विवेदी, अमेठी: कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी संजय चौहान ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, विकास, चिकित्सा सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। आवश्यकता के अनुसार अधिकारी मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई करें। डीएम ने कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों से जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों की नियमित समीक्षा करने और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।