संतोष यादव, सुल्तानपुर: 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला के मोर्चे पर डटे 120 भारतीय सैनिकों में शहीद हुए 114 सैनिकों में सुल्तानपुर के भी तीन वीर सपूत शामिल थे। रेजांगला की बर्फीली पहाड़ियों पर प्राण न्योछावर करने वाले इन वीर सैनिकों की शौर्यगाथा इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। जिस ऐतिहासिक युद्ध के नायक मेजर शैतान सिंह भाटी को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया, उन 120 बहादुरों की कहानी पर बनी फिल्म का नाम भी ‘120 बहादुर’ रखा गया हो, वहीं अब तक सुल्तानपुर में इन वीर सपूतों का बलिदान गुमनाम बना रहा।
न उनके परिजनों की सुध ली गई, न किसी सार्वजनिक मंच पर आमंत्रित किया गया। अब 64 साल बाद इतिहास के इस भूले हुए अध्याय को नई पहचान मिल रही है। पहली बार एक सार्वजनिक कार्यक्रम में इन शहीदों के परिजनों को आमंत्रित किया गया है। इससे परिजनों में खुशी और गौरव का भाव है। उन्हें पहली बार महसूस हो रहा है कि उनके जिन पुरखों ने देश की रक्षा के लिए बलिदान दिया, उनकी वीरता और कुर्बानी को समाज ने पहचानना शुरू किया है।
रेजांगला के शहीदों की खोज और उनके परिवारों तक पहुंचने की पहल ने न केवल इतिहास के विस्मृत पन्नों को सामने लाया है, बल्कि उन परिवारों को भी वह सम्मान दिलाने की राह खोली है, जिसके लिए वे छह दशक से प्रतीक्षारत थे। अब तक स्थानीय स्तर पर गुमनाम रहे इन शहीदों की पहचान और उनके परिवारों तक पहुंचने की पहल ने जिले के इतिहास से जुड़े इस अनछुए पहलू को सामने लाया है। पेशे से शिक्षक एवं रेजांगला शौर्य दिवस आयोजन समिति के संस्थापक संतोष यादव, संयोजक एवं अटेवा जिलाध्यक्ष मंजीत यादव के अथक प्रयासों तथा अभिलेखों की खोजबीन के बाद इन तीनों शहीदों के नाम, पिता के नाम और उनके गांवों का पता लगाया जा सका।
इस ऐतिहासिक पहल के तहत 18 नवंबर 2026 को सुल्तानपुर जिले के रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित रेजांगला शौर्य दिवस समारोह में पहली बार इन तीनों शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के उन वीर सपूतों की शहादत को सार्वजनिक स्मृति में स्थान मिलेगा, जिनका योगदान अब तक व्यापक स्तर पर सामने नहीं आ सका था। गुमनाम शहादत को पहचान दिलाने की पहल ने ही यह एक महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ी है। 18 नवंबर का समारोह केवल सम्मान कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुल्तानपुर की उस ऐतिहासिक स्मृति को पुनर्जीवित करने का अवसर भी होगा, जो अब तक स्थानीय जनमानस में पूरी तरह दर्ज नहीं हो सकी थी।
रेजांगला के युद्व में शहीद सुल्तानपुर के सपूत सैनिक
रेजांगला युद्ध में जिले के तीन सैनिक शहीद हुए थे जिनमें शीतला प्रसाद यादव बड़नपुर, कुड़वार सुल्तानपुर पहचान कार्ड संख्या- 4141367, सत्यदेव यादव हीरा सोनार का पुरवा सुल्तानपुर अमेठी पहचान कार्ड संख्या- 4146077, चन्द्रपति यादव भटौता तुलसीपट्टी करौंदीकला सुल्तानपुर पहचान कार्ड संख्या- 4144229 शामिल हैं।