डॉ अतुल मोहन सिंह,लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को जनभवन में आयोजित होने वाले झंडारोहण और स्वल्पाहार कार्यक्रमों को लेकर राजधानी लखनऊ की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रशासन के अनुसार, 15 अगस्त को सुबह 8 बजे जनभवन में झंडारोहण कार्यक्रम और शाम 4 बजे स्वल्पाहार कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिसके चलते हजरतगंज, बंदरियाबाग और एनेक्सी के आसपास के कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
प्रतिबंधित मार्ग और उनके वैकल्पिक रास्ते
बंदरियाबाग से जनभवन, डीएसओ चौराहा व हजरतगंज इन मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। वाहन गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। वही लालबत्ती चौराहे से प्रेरणा केंद्र, एनेक्सी और सिसेंडी तिराहा की ओर जाने वाले रास्तों पर रोक रहेगी। वाहन चालक बंदरियाबाग, गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज का प्रयोग कर सकेंगे। तो वही हजरतगंज से डीएसओ और बंदरियाबाग का यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहन पार्क रोड चौराहा होकर आ-जा सकेंगे। इसके अलावा रॉयल होटल चौराहे से सिसेंडी, डीएसओ और एनेक्सी मार्ग पर यातायात की अनुमति नहीं होगी। वाहन हजरतगंज चौराहा या बर्लिंगटन (बलिग्टन) चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
एकल मार्ग व्यवस्था में बदलाव
कार्यक्रम के दौरान डीएसओ चौराहे से पार्क रोड और पार्क रोड से हजरतगंज तक लागू रहने वाले वन-वे नियम को अस्थायी रूप से निलंबित रखा जाएगा, ताकि वैकल्पिक मार्गों पर गाड़ियों की आवाजाही सुगम बनी रहे। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सकीय आपात स्थिति में एंबुलेंस और मरीजों के वाहनों को प्रतिबंधित या डायवर्टेड मार्गों से निकलने की अनुमति दी जाएगी।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम हेल्पलाइन
किसी भी प्रकार की असुविधा या यातायात से जुड़ी जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।