Uma Bharti: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने भोपाल में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोलते हुए तंज कसा है। राहुल गांधी की उम्र का जिक्र करते हुए उमा भारती ने कहा कि वे 50 साल से अधिक के हो चुके हैं और अब उनमें पहले जैसा उफान नजर नहीं आता।
डुकरा हो गए राहुल गांधी
पूर्व सीएम उमा भारती ने राहुल गांधी की उम्र और उनकी युवा नेता की छवि पर कटाक्ष करते हुए कहा राहुल गांधी तो खुद ही बुड्ढे हो गए हैं, 50 साल से ज्यादा के हो गए। डुकरा हो गए डुकरा। इस उम्र में तो लोगों के नाती-पोते हो जाते हैं, फिर वे काहे के जवान? इसके अलावा इंदौर में छात्रों के गूंज कार्यक्रम की अनुमति न मिलने को लेकर उमा भारती ने कहा कि प्रशासन द्वारा अनुमति न दिए जाने के पीछे जरूर कुछ वैध और प्रशासनिक कारण रहे होंगे।
पीएम मोदी पर क्या कहा?
Gen-Z के प्रदर्शनों और नेपाल के घटनाक्रम को लेकर उमा भारती ने कहा कि नौजवानों में उफान और ऊर्जा होती है, लेकिन वे विवेक से काम लेते हैं। नेपाल में युवाओं ने तख्तापलट किया, लेकिन देश की कमान 76 वर्षीय सुशीला कार्की को सौंपी। उमा भारती ने दावा किया कि भारत के युवा भी परिपक्व हैं और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही अपना नेता मानेंगे, राहुल गांधी को नहीं।
कांग्रेस के पलटवार पर टिकीं नजरें
भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। उमा भारती के इस तीखे बयान के बाद अब सभी की नजरें कांग्रेस की संभावित प्रतिक्रिया और पलटवार पर टिकी हुई हैं।