Shivraj Singh Action: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने गृह जिले सीहोर में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारी पर सीहोर में जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने और वेयरहाउस की सब्सिडी राशि जारी करने के बदले 1,60,000 की रिश्वत मांगने का आरोप है।
सब्सिडी के एवज में मांगी थी रिश्वत
मीडिया की खबरों के अनुसार कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग सीहोर में वेयरहाउसों की चेकिंग करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने चेकिंग रिपोर्ट में राहत देने और सरकारी सब्सिडी की राशि जारी कराने के एवज में संचालकों से घूस मांगी। आरोप है कि अधिकारी ने शिवाय वेयरहाउस के संचालक से 1,00,000 और श्रीकृष्णा वेयरहाउस के संचालक से 60,000 की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत देने के बजाय वेयरहाउस संचालकों ने पूरे मामले की शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से कर दी।
जांच के बाद सस्पेंड
शिकायत मिलते ही केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में विपणन अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए। आरोपों की पुष्टि होते ही शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारी को तुरंत निलंबित करने के निर्देश दिए। निलंबन के साथ ही अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।