शिवपूजन मिश्रा,भादर/रामगंज: सुल्तानपुर के लहिया बसंतपुर गांव की एक महिला ने एक युवक पर प्रेम जाल में फंसाकर होटल ले जाने और वहां उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि युवक ने बातचीत के दौरान उसे भरोसे में लिया और उसके पहने हुए सोने के जेवर उतरवा लिए। इसके बाद आरोपी युवक जेवर लेकर मौके से फरार हो गया।
आरोपी जेवर लेकर फरार
पीड़िता के मुताबिक, युवक पिछले कुछ समय से उससे संपर्क में था और बातचीत के दौरान उसने उसे अपने विश्वास में ले लिया। आरोप है कि युवक महिला को बहला-फुसलाकर थाना रामगंज अंतर्गत छीड़ा के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ व्यभिचार किया गया महिला का यह भी आरोप है कि युवक ने बातों में उलझाकर उसके गहने उतरवा लिए और बाद में उन जेवरों को लेकर वहां से फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना के बाद महिला ने रामगंज थाने पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। महिला ने पुलिस से अपने जेवर वापस दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।