दुनिया की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स का 75वां संस्करण इस बार खास होने के साथ विवादों में भी घिर गया है। एक तरफ प्रतियोगिता के लिए 3,150 हीरों से सजा नया ताज पेश किया गया है, तो दूसरी तरफ करीब 15 देशों की प्रतिभागियों के प्रतियोगिता से बाहर होने की खबर सामने आई है। किसी ने वीजा संबंधी दिक्कतों के चलते हिस्सा नहीं लिया, तो कुछ देशों की सुंदरियां फ्रेंचाइजी विवाद के कारण मंच तक नहीं पहुंच सकीं। वहीं कुछ प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य और निजी कारणों से प्रतियोगिता से दूरी बना ली है।
15 देशों की प्रतिभागियों के बाहर होने की क्या है वजह?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिस यूनिवर्स 2026 से कई देशों की प्रतिनिधियों के बाहर होने के पीछे अलग-अलग कारण हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा छह दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की है। थाईलैंड, इंडोनेशिया, वियतनाम, लाओस, सिंगापुर और मलेशिया की प्रतिभागियों को फ्रेंचाइजी और लाइसेंस संबंधी विवाद के कारण इस संस्करण में हिस्सा लेने से रोका गया है।
इसके अलावा नेपाल, अंगोला, जाम्बिया, जिम्बाब्वे और रिपब्लिक ऑफ कांगो जैसे देशों की प्रतिभागियों को वीजा और यात्रा संबंधी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
कुछ प्रतिभागियों ने निजी और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से भी प्रतियोगिता छोड़ी है।
कार हादसे के बाद बुल्गारिया की प्रतिभागी बाहर
मिस यूनिवर्स बुल्गारिया की प्रतिनिधि एना-मरिया बाबाउ कार हादसे में घायल होने के बाद प्रतियोगिता से हट गईं। बुल्गारिया के आयोजकों ने उनकी सेहत को प्राथमिकता देते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेने का फैसला बताया।
वहीं मिस यूनिवर्स ऑस्ट्रिया विक्टोरिया एमरसन ने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अपने निजी मूल्यों को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए नाम वापस लिया। सेंट मार्टिन की प्रतिनिधि मैडली मारियन ने निजी कारणों से प्रतियोगिता से हटने का फैसला किया। मालदीव और मोरक्को की प्रतिनिधियों के हटने की150 हीरों से बना नया ताज क्यों है खास? खबरें भी सामने आई हैं।
इस साल मिस यूनिवर्स का ताज भी खास आकर्षण बना हुआ है। प्रतियोगिता के 75 साल पूरे होने के अवसर पर नया क्राउन पेश किया गया है। इसे 'द रेडियंस ऑफ एन इटरनल लेगेसी' यानी 'एक शाश्वत विरासत की चमक' नाम दिया गया है।
इस ताज में 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड के साथ 3,150 हीरे जड़े गए हैं। इसे ज्वेलरी डिजाइनर जॉर्ज विटेल्स ने पेरिस की ज्वेलरी कंपनी Maison d'OR के सहयोग से तैयार किया है।
ताज में तीन प्रमुख हीरों को खास प्रतीकात्मक अर्थ दिया गया है। बाईं ओर का हीरा उन महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने प्रतियोगिता के इतिहास में नई राह बनाई। दाईं ओर का हीरा वर्तमान की उन महिलाओं का प्रतिनिधित्व करता है, जो अपने समुदाय में बदलाव ला रही हैं। वहीं बीच का प्रमुख हीरा मिस यूनिवर्स के भविष्य और आने वाली पीढ़ियों का प्रतीक है।
कब होगा मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले?
मिस यूनिवर्स का 75वां संस्करण प्यूर्टो रिको के सैन जुआन में आयोजित हो रहा है। इसका ग्रैंड फिनाले 24 नवंबर 2026 को जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में होगा। भारत की ओर से काजिया लिज मेजो प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। फिनाले में मौजूदा मिस यूनिवर्स फातिमा बॉश अपनी उत्तराधिकारी को ताज पहनाएंगी।
इस बार प्रतियोगिता में जहां कई देशों की गैर-मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं 75वीं वर्षगांठ के लिए तैयार किया गया नया हीरों से जड़ा ताज भी दुनिया भर के लोगों का ध्यान खींच रहा है।