विदेश यात्रा करने वाले भारतीय यात्रियों के लिए अच्छी खबर है । 1 नवंबर 2026 से देश के 7 बड़े एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए डिजी यात्रा (Digi Yatra) का ट्रायल शुरू होने जा रहा है। इसके जरिए यात्रियों को एयरपोर्ट पर एंट्री, सिक्योरिटी जांच और बोर्डिंग के दौरान बार-बार दस्तावेज दिखाने की जरूरत कम होगी, यह सुविधा दिसंबर 2026 तक ट्रायल के तौर पर जारी रहेगी।
किन 7 एयरपोर्ट पर मिलेगी सुविधा?
इस ट्रायल में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कोच्चि और अमृतसर के एयरपोर्ट शामिल हैं । हालांकि यह सुविधा अभी सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नहीं होगी।
कौन कर सकेगा Digi Yatra का इस्तेमाल?
इस सुविधा का लाभ भारतीय नागरिकों को मिलेगा जिनके पास चिप वाला ई-पासपोर्ट है। इसके साथ ही उनकी अंतरराष्ट्रीय उड़ान एयर इंडिया या इंडिगो की होनी चाहिए। एयर इंडिया की सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और इंडिगो के चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय रूट पर यह सुविधा मिलेगी ।
इसके लिए यात्री को Digi Yatra ऐप में अपना पासपोर्ट स्कैन करना होगा, इसके बाद मोबाइल के NFC फीचर से पासपोर्ट में लगी चिप की जानकारी पढ़ी जाएगी और सेल्फी के जरिए पहचान की पुष्टि होगी। इसके बाद डिजिटल पहचान ऐप में सुरक्षित हो जाएगी ।
पासपोर्ट और वीजा दिखाना फिर भी जरूरी
ध्यान देने वाली बात यह है कि Digi Yatra पासपोर्ट, वीजा या इमिग्रेशन जांच की जगह नहीं लेगा । यात्रियों को सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने होंगे और पहले की तरह एयरलाइन व इमिग्रेशन के नियमों का पालन करना होगा।
फिलहाल देश के 39 घरेलू एयरपोर्ट पर Digi Yatra की सुविधा उपलब्ध है । इसके 2.65 करोड़ से ज्यादा यूजर हैं और इसके जरिए 11 करोड़ से ज्यादा यात्राएं हो चुकी हैं। अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में इसका इस्तेमाल बढ़ाने की तैयारी है।