पटना में स्कूल ड्रेस पहनकर दूध देने गई थी 10 साल की रोशनी, घर के पास ही कंबल में लिपटी मिली लाश!

पटना में स्कूल ड्रेस पहनी 10 साल की बच्ची की हत्या से सनसनी। दूध देने निकली मासूम की लाश घर के पास कंबल में लिपटी मिली। सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस सीसीटीवी और डॉग स्क्वायड से जांच में जुटी है

By : Anshuman Parashar
पटना में स्कूल ड्रेस पहनकर दूध देने गई थी 10 साल की रोशनी, घर के पास ही कंबल में लिपटी मिली लाश!

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: पटना बाइपास थाना क्षेत्र के बाहरी बेगमपुर इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बुधवार सुबह जिस 10 साल की रोशनी कुमारी को स्कूल जाना था, उसकी लाश गुरुवार सुबह घर से महज 500 मीटर दूर एक गली में कंबल के भीतर बरामद हुई। मासूम की हत्या कर शव को फेंके जाने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया और पुलिस छावनी में तब्दील हो गई।

दूध देने निकली थी और फिर कभी वापस नहीं आई

परिजनों के मुताबिक, मासूम रोशनी बुधवार सुबह 6 बजे स्कूल ड्रेस पहनकर तैयार खड़ी थी। स्कूल जाने से ठीक पहले वह पास के ही एक घर में दूध पहुंचाने गई थी। लेकिन वह चंद कदम की दूरी तय कर वापस नहीं लौटी। जब काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी। दिन भर चली तलाश और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी कुछ पता नहीं चला, लेकिन अगली सुबह उसकी निर्जीव देह बरामद हुई।

शरीर पर जख्मों के निशान, घटनास्थल पर पहुंचे आला अधिकारी

सूचना मिलते ही डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार और थानाध्यक्ष रणजीत कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में बच्ची के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

जल्द होगा मामले का खुलासा, जांच में जुटी टीमें

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच (NMCH) भेज दिया है। डीएसपी ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस हर मुमकिन पहलू पर गौर कर रही है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फिर से बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्ची का अपहरण और हत्या किसने की। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

संबंधित सामग्री

पटना में लेडी गैंग का हैरान करने वाला कारनामा, पेपर स्प्रे मारकर ज्वेलरी शॉप लूटने घुसीं दो लड़कियां

पटना में लेडी गैंग का हैरान करने वाला कारनामा, पेपर स्प्रे मारकर ज्वेलरी शॉप लूटने घुसीं दो लड़कियां

पटना में दो लड़कियों ने पेपर स्प्रे मारकर ज्वेलरी शॉप लूटने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों को दुकान के अंदर ही लॉक कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।