न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: नवादा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की गोविंदपुर से विधायक विनीता मेहता ने गोविंदपुर प्रखंड पीएचसी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दो चिकित्सक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर विधायक ने गहरी चिंता व्यक्त की.
विधायक मेहता ने इसे बड़ी लापरवाही बताते हुए अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने डॉक्टरों का रोस्टर चेक किया, जिसमें दो डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे. निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गई. इसके अतिरिक्त, अस्पताल में लापरवाही से संबंधित कई शिकायतें भी सामने आई. विधायक ने अस्पताल प्रभारी डॉ. कुमार गौरव पर घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और कहा कि यह स्थिति किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है.
विधायक विनीता मेहता ने जानकारी दी कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल बात की है और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जरूरत पड़ी तो यह विषय विधानसभा में भी उठाया जाएगा. मेहता ने जोर देकर कहा कि मरीजों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही या गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने क्षेत्र से आ रही सभी शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि जनता के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, यह उनकी स्पष्ट प्राथमिकता है.
यह भी पढ़े: पत्रकार के पुत्र को शिक्षक ने पीटा, हाथ टूटा, अस्पताल में चल रहा इलाज