न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना: एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सहरसा एयरपोर्ट के विकास के लिए 42.52 करोड़ का टेंडर जारी कर दिया है। एजेंसी चयन के बाद निर्माण कार्य 15 महीने में पूरा करने का टारगेट रखा गया है। हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे को डीजीसीए के मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद यहां से 20 से 30 सीटर वाले छोटे विमान उड़ान भरेंगे।
हवाई अड्डे और रनवे के विस्तार के लिए 12 एकड़ अतिरिक्त जमीन की जरूरत है। बिहार सरकार अपने खर्च पर 147 करोड़ रुपए की लागत से इस भूमि का अधिग्रहण कर रही है। जिला प्रशासन और विमानन विभाग काम में जुटा है ताकि टेंडर फाइनल होते ही निर्माण शुरू हो सके।
42.52 करोड़ का टेंडर: एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने विकास कार्य के लिए टेंडर जारी किया।
147 करोड़ की जमीन: बिहार सरकार 12 एकड़ जमीन अधिग्रहण पर 147 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
इन शहरों से जुड़ेगा: पटना, पूर्णिया, दरभंगा, गयाजी, देवघर, वाराणसी व लखनऊ के लिए उड़ानें होंगी।
ऑपरेट होंगे ये विमान: डोर्नियर, बीचक्राफ्ट और सेसना मॉडल के 20-30 सीटर विमान चलेंगे। रनवे 800 से 1200 मीटर का होगा। वीआईपी इतिहास: नंदलाली क्षेत्र में बनी यह हवाई पट्टी कई पीएम के उतरने का केंद्र रही है।
सहरसा एयरपोर्ट कोड 2बी टाइप का बनेगा। इससे सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के करीब 1 करोड़ लोगों को हवाई सुविधा मिलेगी। सीधे तौर पर 50 लाख लोगों को लाभ होगा। कोसी में बाढ़ के दौरान राहत कार्यों में सीधी मदद मिलेगी। स्थानीय कारोबार को राष्ट्रीय बाजार मिलेगा, जिससे रोजगार बढ़ेगा।