न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: बिहार में कानून-व्यवस्था और बाढ़ की स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर तेजस्वी यादव ने कहा, “ऐसा कोई दिन नहीं है, जिस दिन बिहार में हत्या या अपराध की घटना न हो। जब से भाजपा की सरकार बनी है और सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं, तब से अपराध बढ़ गया है। अपराधी बेलगाम घूम रहे हैं और उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। आम लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।”
वहीं, बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर बिहार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार का खजाना खाली है और बाढ़ पीड़ितों की स्थिति बेहद खराब है।
तेजस्वी यादव ने कहा हम लगातार बाढ़ पीड़ितों के बीच जा रहे हैं, लेकिन उन्हें किसी तरह की सुविधा नहीं मिल रही है। लोगों की जान जा रही है और उन्हें भारी नुकसान हो रहा है, लेकिन सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है।