मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: गुजरात के साइबर क्राइम थाना सूरत सिटी पुलिस ने शनिवार को झारखंड के गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में छापेमारी कर साईबर ठगी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों के नाम रूपलाल मंडल, पिता जागेश्वर मंडल और मुकेश मंडल, पिता भोला मंडल हैं. दोनों बिशनपुर गांव के रहने वाले हैं. पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई के लिए सूरत रवाना हो गई.
पूरा मामला सूरत का है. वहां एक व्यवसायी के बैंक खाते से 50 लाख रुपये की ठगी हुई थी. इस संबंध में साईबर क्राईम थाना सूरत सिटी में कांड संख्या 68/25 दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस ठगी का तार झारखंड के बेंगाबाद से जुड़ा है.
इसके बाद सूरत सिटी पुलिस की टीम बेंगाबाद पहुंची. बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह और एसआई विजय कुमार मंडल के सहयोग से पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से दबोच लिया. छापेमारी में सूरत सिटी पुलिस से आई एसआई बी. बी. प्रजापति, एएसआई प्रताप सिंह और पुलिस कॉन्स्टेबल हार्दिक भी शामिल थे. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क और बाकी शामिल लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है.
यह भी पढ़ें: भरनो प्रखंड की डुडीया पंचायत के सरगांव व पतराटोली गांव बरसात में जान जोखिम में डाल नदी पार करने को मजबूर