हरियाणा बनेगा देश का पहला विकसित राज्य

हरियाणा ने 60 वर्षों में प्रगति का लंबा सफर तय किया, अब देश का पहला विकसित राज्य बनाने का संकल्प - मुख्यमंत्री नायब सिंह

कुरुक्षेत्र में हरियाणा दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी में सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रदेश को देश का पहला विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।

By : स्वदेश डेस्क
हरियाणा ने 60 वर्षों में प्रगति का लंबा सफर तय किया, अब देश का पहला विकसित राज्य बनाने का संकल्प - मुख्यमंत्री नायब सिंह

नई दिल्लीः  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा ने अपने गठन के 60 वर्षों में प्रगति का लंबा सफर तय किया है। वर्तमान प्रदेश सरकार ने हरियाणा को देश का पहला विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया है, इसी ध्येय के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाएगा।
 
मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हीरक जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति मती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
 
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति का गीता की पावन धरती पर स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि उनका इस ऐतिहासिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना प्रदेशवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
 
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति की जीवन यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि ओडिशा के मयूरभंज जिले के छोटे से गांव उपरबेड़ा से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने का उनका सफर भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और संविधान की गरिमा का प्रतीक है। उनकी यह प्रेरणादायी यात्रा देश की प्रत्येक बेटी, गरीब परिवार और आदिवासी समाज के लिए उम्मीद, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा है।


 
गीता की धरती कुरुक्षेत्र से मिलता है कर्तव्य और लोक कल्याण का संदेश
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है। इसी पावन भूमि पर भगवान कृष्ण ने अर्जुन को गीता के माध्यम से कर्तव्य, साहस और लोक कल्याण का दिव्य संदेश दिया था। उन्होंने राष्ट्रपति की वर्ष 2022 में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर कुरुक्षेत्र यात्रा का स्मरण करते हुए कहा कि उस समय राष्ट्रपति ने गीता को मानवता के लिए आध्यात्मिक प्रकाश और जीवन को दिशा देने वाला महान ग्रंथ बताया था। आज उनकी पुनः उपस्थिति इस पावन भूमि के लिए विशेष गौरव का अवसर है।
 
किसानों, जवानों, खिलाड़ियों और मातृशक्ति के परिश्रम से बनी हरियाणा की पहचान
 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 नवंबर, 1966 को हरियाणा का गठन हुआ था। उस समय प्रदेश को पिछड़े क्षेत्र के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज हरियाणा देश के अग्रणी और तेजी से विकास करने वाले राज्यों में शामिल है। यह उपलब्धि प्रदेश के किसानों, मजदूरों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, खिलाड़ियों और माताओं-बहनों के अथक परिश्रम का परिणाम है।
 
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनती किसान, बहादुर जवान, धाकड़ खिलाड़ी और सशक्त नारी से है। प्रदेश की बेटियां आज खेतों से लेकर खेल के मैदानों तक, सेना से लेकर स्टार्टअप तक प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के किसानों ने देश के अन्न भंडार भरने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं, पशुपालकों ने दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर 'देशां में देश हरियाणा, जित दूध-दही का खाणा' की कहावत को सार्थक किया है। प्रदेश के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए हमेशा अदम्य साहस और बलिदान का परिचय दिया है।
 
उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 11 पदक और एशियाई खेलों में 32 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। जब भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा ऊंचा लहराता है, उसमें हरियाणा की मिट्टी की मेहनत और प्रतिभा की महक होती है।
 
क्षेत्रफल में छोटा, लेकिन आर्थिक योगदान और औद्योगिक सामर्थ्य में बड़ा है हरियाणा
 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का छोटा राज्य है, लेकिन आर्थिक सामर्थ्य और उपलब्धियों के मामले में इसकी पहचान बहुत बड़ी है। देश के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल में हरियाणा की हिस्सेदारी मात्र 1.34 प्रतिशत है, जबकि देश की GDP में प्रदेश का योगदान लगभग 3.6 प्रतिशत है। बड़े राज्यों में हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय सर्वाधिक है।
 
उन्होंने कहा कि देश में बनने वाली प्रत्येक तीन में से दो पैसेंजर कारों का उत्पादन हरियाणा में होता है। देश का हर दूसरा ट्रैक्टर और प्रत्येक 10 में से छह मोटरसाइकिलें भी हरियाणा में बनती हैं। इसी प्रकार, भारत के बासमती चावल के निर्यात में हरियाणा का योगदान 60 प्रतिशत से अधिक है। यह उपलब्धियां दर्शाती हैं कि औद्योगिक उत्पादन से लेकर कृषि निर्यात तक हरियाणा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।
 
नवाचार और जनकल्याणकारी पहलों में हरियाणा ने स्थापित किए नए कीर्तिमान
 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवाचार और जनकल्याणकारी पहलों के क्रियान्वयन में भी हरियाणा ने देश में अग्रणी भूमिका निभाई है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है। गांवों को लाल डोरा मुक्त करने और पढ़ी-लिखी पंचायतों के गठन की पहल भी सबसे पहले हरियाणा ने की। इसके अलावा, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन जींद-सोनीपत के बीच हरियाणा में हुआ है। वहीं, रोहतक और कुरुक्षेत्र में देश के पहले एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण कर प्रदेश ने आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास में भी नई मिसाल कायम की है।
 
विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में हरियाणा निभाएगा अग्रणी भूमिका
 

मुख्यमंत्री ने आधुनिक हरियाणा के निर्माण में योगदान देने वाले सभी महान व्यक्तित्वों और प्रदेशवासियों के परिश्रम को नमन करते हुए कहा कि पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने विकास की लंबी यात्रा तय की है। अब समय है कि इस प्रगति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में हरियाणा अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा और देश का पहला विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की विकास यात्रा केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है। प्रदेश तरक्की के साथ इंसानियत, विकास के साथ भाईचारा और आधुनिकता के साथ अपने संस्कारों एवं परंपराओं को भी सहेजकर रखेगा। यही हरियाणा की वास्तविक पहचान है और यही आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे बड़ी विरासत है।
 
छह दशकों में हरियाणा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और संकल्प के बल पर देश में बनाई विशिष्ट पहचान - अनुराग रस्तोगी
 

हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि 1 नवंबर, 1966 को अस्तित्व में आया हरियाणा आज अपने गठन के 60 वर्ष पूर्ण कर हीरक जयंती मना रहा है। यह अवसर प्रदेश की छह दशकों की विकास यात्रा, परिश्रम, संकल्प और सामूहिक उपलब्धियों को स्मरण करने का है। उन्होंने राष्ट्रपति महोदया का हरियाणा सरकार एवं प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि इस गौरवशाली उत्सव में उनका सानिध्य सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि गठन के समय हरियाणा के पास सीमित संसाधन और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, लेकिन प्रदेश ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज हरियाणा देश के खाद्यान्न भंडार में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। यह उपलब्धि प्रदेश के किसानों, जवानों, श्रमिकों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों, उद्यमियों और प्रत्येक हरियाणवी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
  

संबंधित सामग्री

युवाओं को लक्ष्य छोटा नहीं, बल्कि उसकी रोज तैयारी करनी चाहिए- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

युवाओं को लक्ष्य छोटा नहीं, बल्कि उसकी रोज तैयारी करनी चाहिए- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के बागोवाल में युवाओं से नशे से दूर रहकर बड़े लक्ष्य की रोज तैयारी करने का आह्वान किया। रवि इन्द्र सिंह बलाचौर ने साथियों संग भाजपा ज्वाइन की।

Oct 31, 2026
PM Modi Life In Play: शून्य से शिखर तक नाटक देखने पहुंचे सीएम सैनी, बोले PM मोदी का जीवन युवाओं की प्रेरणा

PM Modi Life In Play: शून्य से शिखर तक नाटक देखने पहुंचे सीएम सैनी, बोले PM मोदी का जीवन युवाओं की प्रेरणा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में सुपवा के विद्यार्थियों का नाटक शून्य से शिखर तक देखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन संघर्ष और सेवा की प्रेरणा देता है।

Oct 30, 2026
Haryana News: 'हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतंत्र नहीं',  मंत्री रणवीर गंगवा का कांग्रेस पर तंज

Haryana News: 'हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतंत्र नहीं', मंत्री रणवीर गंगवा का कांग्रेस पर तंज

हरियाणा के मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने नारनौल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि चुनावी हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतंत्र की मजबूती नहीं, जनादेश का सम्मान ही सच्चा लोकतंत्र है।

Oct 30, 2026
Sugarcane Price Hike: दीवाली से पहले गन्ना किसानों को CM सैनी की सौगात, 2027-28 तक 450 रुपये क्विंटल होगा भाव

Sugarcane Price Hike: दीवाली से पहले गन्ना किसानों को CM सैनी की सौगात, 2027-28 तक 450 रुपये क्विंटल होगा भाव

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गन्ने का भाव 2026-27 में 430 और 2027-28 में 450 रुपये प्रति क्विंटल करने का ऐलान किया है। किसानों की आय प्रति एकड़ 11,300 रुपये तक बढ़ेगी।

Oct 29, 2026
Diwali Bonus News: CM साय ने बस्तर के मांझियों और चालकियों को दी दिवाली की सौगात, मानदेय 5000 और 3500 रुपये

Diwali Bonus News: CM साय ने बस्तर के मांझियों और चालकियों को दी दिवाली की सौगात, मानदेय 5000 और 3500 रुपये

बस्तर के मुरिया दरबार में सीएम विष्णुदेव साय ने मांझियों का मानदेय बढ़ाकर 2000 से 5000 रुपये और चालकियों का 1500 से बढ़ाकर 3500 रुपये प्रतिमाह करने का ऐलान किया है।

Oct 24, 2026